महिला पुलिस सुरक्षा टीम ने बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार, साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके

कलीनगर। बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से थाना माधोटांडा की महिला सुरक्षा केंद्र टीम ने मिशन शक्ति फेज-6 के तहत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय जमुनिया खासपुर
में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान एसआई अंकिता द्वारा बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ ही साइबर फ्रॉड एव विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई।
उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने की अपील
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को समझाया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या अन्य परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें। टीम ने उन्हें अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
टीम ने बताया कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से बालिकाएं कठिन परिस्थितियों का सामना करने में अधिक सक्षम हो सकती हैं। किसी भी समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते सहायता प्राप्त करना जरूरी है।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिला हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सहायता नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि वे इन हेल्पलाइन नंबरों को याद रखें या अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए संपर्क किया जा सके।
इस दौरान एसआई गरिमा, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल अंकिता, कांस्टेबल डोली, प्रधानाचार्य श्रीकृष्ण, अध्यापक रामवीर, विनोद कुमार, अध्यापिका पूनम रावत आदि मौजूद रहे।