मध्य रेल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ, महाप्रबंधक ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

मुंबई। मध्य रेल में भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। 26 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी, नैतिक आचरण तथा पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। सभी ने भ्रष्टाचार से दूर रहने और सार्वजनिक सेवाओं में उच्चतम नैतिक मानकों का पालन करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

मध्य रेल में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की विषयवस्तु ?समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा? रखी गई है। इसका उद्देश्य रेल प्रशासन में ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार दोहरे सहित प्रधान विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर अपने कार्यों में निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

मध्य रेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न मंडलों और कार्यशालाओं में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस पहल के माध्यम से रेल व्यवस्था में पारदर्शी कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

डॉ. स्वप्नील नीला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल