भारी बारिश के बीच इज्जतनगर मंडल में 60 घंटे से रेलकर्मी मुस्तैद

बरेली। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल अधिकारी और कर्मचारी पिछले 60 घंटे से अधिक समय से दिन-रात लगातार ड्यूटी पर जुटे हुए हैं। मंडल के सभी प्रमुख रेलखंडों पर रेल पथ, पुलों, विद्युत व्यवस्था, सिगनल एवं दूरसंचार प्रणाली समेत रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है।

इज्जतनगर मंडल के रावतपुर-कासगंज-मथुरा जंक्शन-बरेली-भोजीपुरा-लालकुआं-काठगोदाम, कटघर-रामनगर-काशीपुर-लालकुआं और पूरनपुर-भोजीपुरा सहित प्रमुख रेलखंडों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों की टीमों को भी सतर्क रखा गया है।

इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिगनल एवं दूरसंचार, कैरेज एवं वैगन, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ लगातार काम कर रहे हैं। बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा मंडल नियंत्रण कक्ष से ट्रेनों के परिचालन और विभिन्न रेलखंडों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वह संबंधित अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रही हैं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित कर रही हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने लगातार दिन-रात ड्यूटी कर रहे रेलकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को विषम मौसम में पूरी सतर्कता एवं सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से अपील की है कि भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से रेलवे ट्रैक, पुलों और अन्य संवेदनशील रेलवे क्षेत्रों में न जाएं। किसी भी स्थान पर जलभराव या रेलवे परिसंपत्ति को नुकसान दिखाई देने पर तत्काल रेलवे के संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को सूचना दें।