भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने सड़क मरम्मत को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिला अध्यक्ष दीपक सोलंकी के नेतृत्व में आज संगठन के पदाधिकारियों ने अपर जिला अधिकारी, फिरोजाबाद को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में शिवनगर जाटू से दशरथपुर पानी गाँव तक की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है।

संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सोलंकी ने बताया कि मजरा शिवनगर जाटू से पानी गाँव दशरथपुर तक 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्ष 2004 में हुआ था। यह सड़क सिरसा नदी के पुल से होकर पानी गाँव दशरथपुर होते हुए जलेसर रोड जेल पर मिलती है। आर.एम.सी. जाटू से मेडिकल तक की दूरी मात्र 6.5 किमी है, लेकिन जाटू से 2 किमी तक का हिस्सा पूरी तरह टूटा-फूटा पड़ा है।

जिला अध्यक्ष दीपक सोलंकी ने कहा कि इस सड़क की आज तक एक बार भी मरम्मत नहीं हुई है। यह कई गांवों के लिए सीधा और मुख्य रास्ता है, इसलिए रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना इसी से होता है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिंह 'प्रधान', प्रदेश महासचिव संजय शर्मा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर सिंह एडवोकेट, मंडल महासचिव अन्नू जादौन, प्रधान महासचिव डॉ. सुंदर यादव, मास्टर सोनपाल, शेर सिंह सहित कई पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।