ब्रेकिंग न्यूज़: गंगाघाट (उन्नाव) शुक्लागंज में ट्रैफिक जाम के बीच कार में लगी भीषण आग, पुलिस व दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

उन्नाव (गंगाघाट)। शुक्लागंज के कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र अंतर्गत राजधानी मार्ग स्थित पोनी रोड तिराहे पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भैया दूज के कारण लगे भारी ट्रैफिक जाम में फंसी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। बीच चौराहे पर कार धू-धू कर जलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जाम के बीच कार से उठने लगीं लपटें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोनी रोड तिराहे पर वाहनों का भारी दबाव होने के कारण जाम लगा हुआ था। इसी दौरान जाम में खड़ी एक कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार ने आग पकड़ ली। भीड़भाड़ वाले इलाके में आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।

दुकानदारों और पुलिस की तत्परता से बची जान-माल की हानि

घटना के तुरंत बाद मौके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवान और आसपास के दुकानदार बिना समय गंवाए राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय दुकानदारों ने पानी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, वहीं पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के वाहनों को पीछे हटवाकर रास्ता खाली कराया। सभी के सामूहिक प्रयासों से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

समय रहते आग बुझा लिए जाने से कार पूरी तरह खाक होने से बच गई और आसपास जाम में फंसे अन्य वाहन भी सुरक्षित रहे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।