बैठक को सफल बनाने के लिए सुभासपा जिलाध्यक्ष ने किया जनसंपर्क

आलापुर (अंबेडकरनगर)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष दिग्विजय गोंड ने आगामी 27 सितंबर को अकबरपुर में होने वाली पार्टी की बैठक को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पहुंचकर लोगों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

दिग्विजय गोंड ने गोंड समाज के लोगों से घर-घर संपर्क कर बैठक में सहभागिता की अपील की। इसी क्रम में वह वरिष्ठ पत्रकार एवं ब्यूरो चीफ लालमणि गोंड के आवास पर पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने भगवान बड़ा देव से लालमणि गोंड के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा स्मारक ट्रस्ट के संस्थापक एवं पत्रकार रामू सिंह गोंड तथा सुभासपा जिलाध्यक्ष दिग्विजय गोंड ने समाज की एकता और शिक्षा को लेकर चर्चा की। दोनों ने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने तथा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।