बिलासपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का महाप्रबंधक ने लिया जायजा, गुणवत्ता और यात्री सुविधा पर जोर

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने बुधवार को बिलासपुर स्टेशन का निरीक्षण कर यहां चल रहे मेजर स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज और यात्री क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास के मॉडल और ले-आउट प्लान का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्माण स्थलों पर सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया और विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की। इसके अलावा स्टेशन के दूसरे छोर पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने स्वच्छता, सुगम यात्री आवागमन और बेहतर सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बिलासपुर स्टेशन का पुनर्विकास पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। महाप्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा।