बिना टिकट यात्रा पर एनएफआर की सख्ती, जुलाई में 76,989 यात्री पकड़े टिकट जांच अभियानों से 10.95 करोड़ रुपये की वसूली, 2,344 ट्रेनों में हुई जांच

गुवाहाटी। ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। जुलाई 2026 के दौरान पूरे जोन में चलाए गए सघन जांच अभियानों में 76,989 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से किराया और जुर्माने के रूप में कुल 10.95 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, जुलाई में पूरे जोन के स्टेशनों और ट्रेनों में 313 सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए। इस दौरान टिकट जांच कर्मचारियों ने 2,344 ट्रेनों की जांच की। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना भी रहा।

अभियान के दौरान 55,988 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले, जिनसे किराया और अतिरिक्त शुल्क के रूप में 8.97 करोड़ रुपये वसूले गए। वहीं, 21,001 यात्री अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पाए गए, जिनसे 1.98 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

इसके अलावा जुलाई में गैर-दंडात्मक मामलों से 67.89 लाख रुपये तथा सामान की जांच से संबंधित मामलों में 1.38 लाख रुपये की वसूली की गई। रेलवे के अनुसार, लगातार की जा रही जांच से यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

चार महीने में 4.14 लाख मामले पकड़े

वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई तक भी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने टिकट जांच के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्रवाई की। इस अवधि में बिना टिकट और अनियमित टिकट के कुल 4,14,796 मामले पकड़े गए। इन मामलों में किराया और अतिरिक्त शुल्क के रूप में 50.57 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि वाणिज्यिक विभाग, टिकट जांच कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ द्वारा नियमित रूप से औचक निरीक्षण एवं विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करना और रेलवे में पारदर्शी टिकट व्यवस्था को मजबूत करना है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट और आवश्यक यात्रा प्राधिकार अपने पास रखें। साथ ही निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त सामान की बुकिंग कराएं। रेलवे का कहना है कि यात्रियों के सहयोग से सुरक्षित, सुविधाजनक और नियमों के अनुरूप रेल यात्रा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।