बागपत सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की मौत से मचा कोहराम, सांसद आदित्य यादव ने जताया गहरा शोक

बागपत सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की मौत से मचा कोहराम, सांसद आदित्य यादव ने जताया गहरा शोक

बदायूं। बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जनपद बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की मृत्यु और 19 लोगों के घायल होने की घटना से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हृदयविदारक घटना पर माननीय सांसद श्री आदित्य यादव ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। सांसद की ओर से उनके निजी सचिव अनिल गोस्वामी कछला घाट पहुंचे और हादसे में दिवंगत श्रद्धालुओं की अंत्येष्टि में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान अनिल गोस्वामी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सांसद आदित्य यादव की ओर से गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सांसद आदित्य यादव और पूरा समाजवादी परिवार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बदायूं को झकझोर कर रख दिया है और मृतकों के परिवारों के प्रति हर वर्ग से संवेदना व्यक्त की जा रही है।