बरहन में निःशुल्क लेबर कार्ड कैंप का शुभारंभ पात्र श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

बरहन/एत्मादपुर,सिटी अपडेट। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के कस्बा बरहन में पंचायत भवन पर निःशुल्क लेबर कार्ड कैंप का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विश्वकान्त मिश्रा ने ग्राम प्रधान भूदेव सिंह की अध्यक्षता में किया। कैंप में पात्र श्रमिकों के लेबर कार्ड बनाए जाने के साथ ही श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।

विश्वकान्त मिश्रा ने बताया कि 18 से 50 वर्ष की आयु के पात्र श्रमिकों के लेबर कार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्ड बनने के 45 दिन बाद पात्र कार्डधारक के बैंक खाते में 1,341 रुपये की धनराशि भेजे जाने की व्यवस्था है। साथ ही 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर 1,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की जानकारी दी।

उन्होंने पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर लेकर कैंप में पहुंचें और अपना लेबर कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि श्रमिक सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के साथ अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहें।

विश्वकान्त मिश्रा ने बताया कि एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के प्रत्येक गांव में चरणबद्ध तरीके से ऐसे कैंप आयोजित कराए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कैंप के आयोजन का ग्रामीणों और श्रमिकों ने स्वागत किया। इस दौरान शिवम शर्मा, रोहित शर्मा, सोनू, सोनू कोली, श्याम सुंदर, ललित कुमार, लटूरी, मीरा देवी, श्री देवी, कृष्णा देवी, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद रहे।