बचेली में धूमधाम से मनाई गई शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती, वक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि*

 

*दंतेवाड़ा, 28 सितंबर 2026।* जिला दंतेवाड़ा के बचेली नगर स्थित संयुक्त खदान मजदूर संघ एटक भवन प्रांगण में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती हर्षोल्लास और जोश के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर एसकेएमएस के मजदूर साथियों, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के साथियों, महिला फेडरेशन संगठन एवं ठेका श्रमिक संगठन के साथियों ने शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *एसकेएमएस के सचिव कॉमरेड जागेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष रवि मिश्रा, भाकपा शाखा सचिव बहिलोचन श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रामू भैया और संगठन सचिव रमेश सैठिया* ने शहीद भगत सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि 28 सितंबर 1907 को जन्मे शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह सिर्फ एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि नौजवानों के लिए एक विचार और जज्बा थे। उन्होंने हमें सिखाया कि देश की आजादी सिर्फ नारे लगाने से नहीं आती, उसके लिए कुर्बानी देनी पड़ती है। "इंकलाब जिंदाबाद" का उनका नारा आज भी हर भारतीय के रगों में जोश भर देता है।

वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में भ्रष्टाचार, अन्याय, शोषण और तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाना ही भगत सिंह के सपनों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प लिया।

> "सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है,
> देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है।"

इस अवसर पर प्रमुख रूप से महिला कॉमरेड नंदा जी, महिला संगठन सचिव हनिषा बारसा, उपाध्यक्ष गौरी शुक्ला, राज्य परिषद सदस्य कोमल भंडारी, सह सचिव कविता धृतलहरे, उपाध्यक्ष नुरपती बघेल सहित बड़ी संख्या में मजदूर संगठन, महिला संगठन, ठेका श्रमिक और पार्टी के साथी उपस्थित रहे।