फिरोजपुर मंडल में हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन, 25 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

फिरोजपुर। राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के 25 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन सहायक कार्मिक अधिकारी लोकेश कुमार मीना की उपस्थिति में किया गया। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए मौके पर ही दो विषय दिए गए, जिनमें से किसी एक विषय पर लगभग 2000 शब्दों का निबंध लिखना था।

प्रतियोगिता के लिए निर्धारित विषयों में मातृभाषा में शिक्षा: नई शिक्षा नीति का दूरगामी प्रभाव तथा राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता में हिंदी का योगदान शामिल रहे।

कर्मचारियों ने दोनों विषयों पर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए हिंदी भाषा के महत्व, मातृभाषा में शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना रहा।

रेलवे प्रशासन की ओर से राजभाषा पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों को हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।