फिरोजपुर मंडल के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षित पेयजल के लिए व्यापक अभियान

फिरोजपुर। रेल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट और फिरोजपुर कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।

अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर स्थित जल भंडारण टैंकों और फिल्ट्रेशन टैंकों की निर्धारित समय पर सफाई कराई जा रही है। सभी टैंकों पर उचित ढक्कन और सुरक्षित वेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे बाहरी प्रदूषण को पानी में मिलने से रोका जा सके।

जलापूर्ति पाइपलाइन, नलों और वाल्वों की नियमित जांच की जा रही है। कहीं रिसाव या खराबी मिलने पर तत्काल मरम्मत के साथ आवश्यकता के अनुसार पाइप, नल और वाल्व बदले जा रहे हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में लगे वाटर कूलर और जल वितरण मशीनों के आरओ संयंत्रों में लगे फिल्टर एवं कार्ट्रिज की नियमित सर्विसिंग तथा जरूरत के अनुसार उन्हें बदला जा रहा है।

जल वितरण केंद्रों और वाटर कूलरों के आसपास स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडल के चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग विभाग की टीमें समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीनीकरण के स्तर की नियमित निगरानी भी की जा रही है।

फिरोजपुर मंडल का कहना है कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी और आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।