फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी रेलखंड पर टिकट जांच अभियान, 328 यात्री पकड़े

फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी रेलखंड पर टिकट जांच अभियान, 328 यात्री पकड़े

2.78 लाख रुपये से अधिक रेल राजस्व वसूला, बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रेलवे की सख्ती

फिरोजपुर। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ फिरोजपुर मंडल ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी रेलखंड पर बस रेड के माध्यम से की गई इस कार्रवाई में 328 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे रेलवे ने कुल 2,78,835 रुपये का रेल राजस्व वसूल किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने भाग लिया। टीम ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों में औचक जांच की। बस रेड के तहत जांच दल पहले ही बस के माध्यम से संबंधित स्टेशनों पर पहुंच गया और यात्रियों के टिकटों की जांच की।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों पर प्रभावी रोक लगाना तथा रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों को नियमों के अनुसार यात्रा करने के लिए जागरूक करने के साथ ही टिकट जांच अभियान भी लगातार जारी रहेंगे।

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें और टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और नियमों के अनुरूप रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान चलाए जाएंगे।