फतेहपुर के 200वें स्थापना दिवस पर मानवता का शतक, आचार्य ने किया 100वां रक्तदान

शतकवीर रक्तदाता का मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर में हुआ सम्मान, बोले- जीवनभर जारी रहेगी सेवा की मुहिम

फतेहपुर। जनपद के 200वें स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर विद्या मंदिर के समर्पित आचार्य महेश सिंह चौहान ने अपना 100वां रक्तदान कर मानवता, सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर में संपन्न हुए इस ऐतिहासिक रक्तदान के साथ उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की।इस अवसर पर मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल ने आचार्य महेश सिंह चौहान को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 100 बार रक्तदान करना असाधारण उपलब्धि है। उनका यह समर्पण समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा।इस मौके पर आचार्य महेश सिंह चौहान ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दूसरा परोपकार नहीं, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने संकल्प जताया कि जब तक उनका शरीर साथ देगा, तब तक वे नियमित रूप से रक्तदान करते रहेंगे।कार्यक्रम में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह एवं शोभित सिंह तथा मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर से डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल एवं लैब सहायक प्रीति उपस्थित रहीं।जनपद के 200वें स्थापना दिवस पर आचार्य महेश सिंह चौहान का 100वां रक्तदान न केवल फतेहपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह संदेश भी है कि सच्ची समाजसेवा का सबसे बड़ा स्वरूप किसी जरूरतमंद को जीवनदान देना है।