प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को मिली राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा

प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को मिली राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा

कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर भी उपलब्ध, जल्द अन्य प्रमुख स्टेशनों तक होगा विस्तार

प्रयागराज। यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा शुरू की है। इस सुविधा की शुरुआत शनिवार से प्रयागराज जंक्शन पर कर दी गई।

रेलवे की ओर से इस सुविधा के संचालन के लिए मेसर्स रॉपन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (रैपिडो) को तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड में एक कियोस्क स्थापित किया गया है।

इसके अलावा कानपुर सेंट्रल स्टेशन के घंटाघर साइड पर दो तथा गोविंदपुरी स्टेशन पर एक कियोस्क उपलब्ध कराया गया है। इन कियोस्क के माध्यम से यात्री सीधे राइड बुक कर सकेंगे। वहीं, पहले से बुक की गई राइड के लिए यात्री निर्धारित स्थान पर सुविधाजनक ढंग से वाहन का इंतजार भी कर सकेंगे।

रेलवे के अनुसार इस सुविधा से स्टेशन से गंतव्य तक यात्रियों के आवागमन को अधिक सुविधाजनक, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। अनुबंध से रेलवे को करीब 6.50 लाख रुपये प्रतिवर्ष राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।

प्रयागराज मंडल की ओर से बताया गया कि इस सुविधा का जल्द ही अलीगढ़, टूंडला, फतेहपुर, सूबेदारगंज, प्रयागराज छिवकी और मिर्जापुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी विस्तार किया जाएगा। रेलवे की यह पहल यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।