पेशाब से गल गया पशु चिकित्सालय बैतालपुर का गेट, बदबू से लोग परेशान

बैतालपुर, देवरिया। नगर पंचायत बैतालपुर के पशु चिकित्सालय का मुख्य गेट लोगों द्वारा पेशाब करने के कारण गल गया है। इसी परिसर में नगर पंचायत बैतालपुर का नया भवन भी स्थित है।

आस-पास के दुकानदारों द्वारा पशु चिकित्सालय के गेट के पास कूड़ा भी फेंक दिया जाता है। पशु चिकित्सालय सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक खुलता है। इसके बाद आस-पास के दुकानदारों एवं उनके ग्राहकों द्वारा गेट के पास पेशाब किया जाता है, जिससे गेट गल गया है और उसके आस-पास दुर्गंध फैल रही है। नगर पंचायत द्वारा नियमित सफाई न होने से स्थिति और भी बदतर होती जा रही है।

इस संबंध में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव, वेटनरी फार्मासिस्ट राकेश कुमार भारती एवं पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि जब तक पशु चिकित्सालय खुला रहता है, तब तक आस-पास के दुकानदार एवं अन्य लोगों द्वारा परिसर के अंदर ही पेशाब किया जाता है और बंद होने के बाद गेट पर पेशाब किया जाता है, जो कि सरासर गलत है।