पूरनपुर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की शाखा खोलने की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

बरेली। पूरनपुर क्षेत्र के आर्थिक एवं व्यापारिक विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की नई शाखा खोलने की मांग को लेकर पूरनपुर के प्रमुख लोगों ने झारखंड के राज्यपाल एवं बैंक के संस्थापक संतोष गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें शाखा खोले जाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूरनपुर तहसील आर्थिक एवं व्यापारिक दृष्टि से लगातार प्रगति कर रही है। क्षेत्र में सहकारिता के क्षेत्र में भी काफी कार्य हुआ है। ऐसे में नगर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की शाखा खुलने से व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को और गति मिलेगी।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूरनपुर तहसील को पीलीभीत जिले का एक प्रगतिशील क्षेत्र बताते हुए शाखा खोले जाने की आवश्यकता पर सहमति जताई। उन्होंने आश्वासन दिया कि बैंक की अगली एजीएम में प्रस्ताव पारित कराकर पूरनपुर में जल्द शाखा खोले जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष नितिन दीक्षित, भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य अशोक खंडेलवाल, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री नवीन अग्रवाल, सोनू आर्य, मयंक गुप्ता सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।