पीईटी परीक्षा के लिए बरेली-मथुरा कैंट के बीच 3 दिन चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन

पीईटी परीक्षा के लिए बरेली-मथुरा कैंट के बीच 3 दिन चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन

पीईटी अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेन

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे बरेली-मथुरा कैंट के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को 3 फेरों में संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 05310 बरेली-मथुरा कैंट परीक्षा विशेष ट्रेन बरेली से सुबह 4 बजे रवाना होकर बदायूं में 5 बजे, कासगंज में 6:10 बजे और हाथरस सिटी में 7:22 बजे पहुंचेगी। ट्रेन मथुरा कैंट सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 05309 मथुरा कैंट-बरेली परीक्षा विशेष ट्रेन मथुरा कैंट से शाम 6:10 बजे रवाना होगी। यह हाथरस सिटी से 7:12 बजे, कासगंज से 8:25 बजे और बदायूं से रात 9:32 बजे छूटकर रात 11 बजे बरेली पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 14 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और कुर्सीयान श्रेणी के 12 कोच तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे। इसके अलावा कासगंज-लखनऊ जंक्शन सवारी गाड़ी 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को फर्रुखाबाद से शाम 5:25 बजे के बजाय 6 बजे रवाना होगी। इससे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।