पत्नी को आभूषणों सहित मायके ले जाने का आरोप, गर्भवती पत्नी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पति ने पुलिस से लगाई गुहार

पत्नी को आभूषणों सहित मायके ले जाने का आरोप, गर्भवती पत्नी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पति ने पुलिस से लगाई गुहार

#सीतापुर
.
थाना संदना क्षेत्र में वैवाहिक विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम महासैन डेंगरानिवासी सूरज सिंह पुत्र राजकुमार सिंह ने थाना संदना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर मानसिक प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी देने और सुनियोजित साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच एवं सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र के अनुसार, सूरज सिंह का विवाह लगभग सात माह पूर्व ग्राम बरगदिया निवासी अशोक सिंह की पुत्री अर्चना सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पत्नी द्वारा घर में विवाद उत्पन्न किया जाने लगा तथा प्रार्थी और उसके माता-पिता सहित अन्य परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पत्नी कई बार आत्मघाती कदम उठाने की धमकी दे चुकी है तथा घर में रखे कुछ विषाक्त पदार्थों एवं दवाइयों का सेवन करने का प्रयास भी कर चुकी है। वर्तमान में पत्नी गर्भवती है, जिसको लेकर प्रार्थी ने गर्भवती पत्नी और गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

प्रार्थना पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि दिनांक 09 नवंबर 2026 की शाम करीब आठ बजे पत्नी के पिता अशोक सिंह एवं उनके साथ आए अन्य परिजन घर पहुंचे और पत्नी अर्चना सिंह को अपने साथ ले गए। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस दौरान घर में रखे आभूषण भी साथ ले जाए गए। उसने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद पत्नी के पिता अशोक सिंह एवं भाई कृष्णा सिंह ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए उसे तथा उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी के जीजा कल्याण सिंह पुत्र रणवीर सिंह को भी कथित रूप से दूरभाष पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

लगातार मिल रही कथित धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से भयभीत सूरज सिंह ने थाना संदना पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

अब देखना होगा कि थाना संदना पुलिस इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच करती है। फिलहाल प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट: डी डी शुक्ला

 #allfollowers #dmsitapur #policesitapur