दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर मालदा टाउन-आनंद विहार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

प्रयागराज। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने मालदा टाउन और आनंद विहार टर्मिनल के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 03435/03436 कुल आठ-आठ फेरे लगाएगी। इसके साथ ही प्रयागराज-यशवंतपुर विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त एसी तृतीय श्रेणी कोच भी बढ़ाया गया है।

गाड़ी संख्या 03435 मालदा टाउन-आनंद विहार टर्मिनल विशेष प्रत्येक सोमवार को चलेगी। अक्टूबर में यह ट्रेन 12, 19 और 26 तारीख को तथा नवंबर में 2, 9, 16, 23 और 30 तारीख को संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 03436 आनंद विहार टर्मिनल-मालदा टाउन विशेष प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन 13, 20 और 27 अक्टूबर तथा 3, 10, 17, 24 नवंबर और 1 दिसंबर को चलेगी।

मालदा टाउन से ट्रेन सुबह 9:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से ट्रेन दोपहर 2:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 10:30 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर, किऊल, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी और टूंडला समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के छह, स्लीपर के सात और सामान्य श्रेणी के चार कोच समेत कुल 21 कोच होंगे।

प्रयागराज-यशवंतपुर विशेष ट्रेन में बढ़ा अतिरिक्त कोच

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गाड़ी संख्या 04149/04150 प्रयागराज-यशवंतपुर-प्रयागराज विशेष ट्रेन में एक अतिरिक्त एसी तृतीय श्रेणी का कोच स्थायी रूप से बढ़ाया गया है। गाड़ी संख्या 04149 प्रयागराज-यशवंतपुर में यह संशोधित कोच संरचना 23 सितंबर से 9 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। वहीं 04150 यशवंतपुर-प्रयागराज में 26 सितंबर से 12 दिसंबर 2026 तक अतिरिक्त कोच के साथ संचालन होगा।

अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद ट्रेन में कुल 24 कोच हो जाएंगे। इनमें दो एसएलआर/डी, सात सामान्य, 11 स्लीपर, तीन एसी तृतीय श्रेणी और एक एसी द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और संचालन से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस का उपयोग करें।