दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला स्थलों पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 16 स्थानों पर लगाई गई ड्यूटी

दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला स्थलों पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 16 स्थानों पर लगाई गई ड्यूटी

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने जांचीं व्यवस्थाएं, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

मुरादाबाद। दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला के आयोजनों को सुरक्षित बनाने के लिए मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। जिलाधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर शहर में 16 स्थानों पर अग्निशमन विभाग की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने विभिन्न आयोजन स्थलों पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन कर्मी अपने उपकरणों के साथ तैयार रहें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

अग्निशमन विभाग का उद्देश्य दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला के आयोजनों को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें।