दीपावली पर मां वैष्णो देवी के दरबार में चढ़ा छप्पन भोग, 4 क्विंटल मोतीचूर के लड्डू बने आकर्षण का केंद्र

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र भवन में दीपावली का पर्व धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर माता रानी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया। मुख्य पुजारी सुदर्शन पुजारी की अगुवाई में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

दीपावली के अवसर पर श्राइन बोर्ड प्रशासन के सहयोग से भवन में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। अटका आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ मां भगवती की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता रानी को 56 प्रकार के पारंपरिक पकवानों और मिठाइयों का भोग समर्पित किया गया।

चार क्विंटल मोतीचूर के लड्डू रहे विशेष आकर्षण

इस बार दीपावली पर माता रानी के दरबार में चार क्विंटल मोतीचूर के लड्डू विशेष रूप से तैयार कर चढ़ाए गए। विशाल आकार और विशेष रूप से तैयार किए गए इन लड्डुओं ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। छप्पन भोग में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, पारंपरिक पकवान और अन्य प्रसाद शामिल रहे।

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया माता का भवन

दीपावली के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी भवन को आकर्षक रोशनी और विशेष सजावट से सजाया गया। पूरा भवन परिसर रोशनी से जगमगाता नजर आया और दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।

दीपावली पर मां भगवती को छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा ने इस धार्मिक उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर माता का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।