दीपावली-छठ पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जम्मू मंडल अलर्ट, स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी व्यवस्था

दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू मंडल ने किए व्यापक इंतजाम, 24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम

जम्मू तवी स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात, टिकट खिड़कियों से लेकर चिकित्सा सुविधाओं तक विशेष व्यवस्था

जम्मू। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं, जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों को सही मार्गदर्शन देने के लिए टिकट जांच कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और स्काउट्स एंड गाइड्स के अतिरिक्त सदस्यों को तैनात किया गया है। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों से राहत देने के उद्देश्य से स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोली गई हैं। इसके साथ ही एटीवीएम मशीनों पर फैसिलिटेटर की व्यवस्था की गई है। रेलवे की ओर से यात्रियों को यूटीएस मोबाइल टिकटिंग और रेल वन ऐप के इस्तेमाल के लिए भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि घर बैठे आसानी से टिकट बुक किया जा सके।

त्योहारों के दौरान रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे वार रूम और आपातकालीन नियंत्रण कक्ष सक्रिय किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से वाणिज्य, परिचालन, सुरक्षा, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, चिकित्सा और अन्य विभागों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसके अलावा स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया गया है। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों और प्लेटफॉर्म की जानकारी दी जा रही है। चिकित्सा विभाग की ओर से डॉक्टरों, प्राथमिक उपचार किट और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है।

जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पटाखे या कोई भी ज्वलनशील पदार्थ लेकर न चलें। ऐसा करना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।

जम्मू मंडल ने दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, सुरक्षित और मंगलमय सफर की कामना की है।