दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 216 स्टेशनों पर रेल जनसंवाद, महाप्रबंधक ने यात्रियों से लिए सुझाव

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 216 स्टेशनों पर रेल जनसंवाद, महाप्रबंधक ने यात्रियों से लिए सुझाव

स्वच्छता, यात्री सुविधाओं में सुधार और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के 216 रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत पैन इंडिया रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। महाप्रबंधक ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए रेल सेवाओं में निरंतर सुधार पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों और मीडिया से प्राप्त रचनात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और यात्री-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रेल जनसंवाद जैसी पहल रेलवे प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का माध्यम है।

इसी क्रम में चांपा रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू और उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने यात्रियों से संवाद किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता और रेल सेवाओं में सुधार से जुड़े मुद्दों पर यात्रियों की राय जानी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी 216 स्टेशनों पर नामित अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों को अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला। प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण पर जोर दिया गया।

विशेष अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता को बढ़ावा देने, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली और प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने पर भी ध्यान दिया गया।

रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं में निरंतर सुधार करना और उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।