त्योहारों पर राजधानी एक्सप्रेस में बढ़ाया अतिरिक्त एसी कोच

त्योहारों पर यात्रियों को राहत, राजधानी एक्सप्रेस में बढ़ाया अतिरिक्त थर्ड एसी कोच

जम्मू। आगामी त्योहारी सीजन और ट्रेनों में लगातार बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गाड़ी संख्या 12425/12426 नई दिल्ली-जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अस्थायी आधार पर एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच बढ़ाया गया है।

अतिरिक्त कोच लगने के बाद राजधानी एक्सप्रेस निर्धारित लोड के स्थान पर 22 कोचों के साथ संचालित होगी। इससे विशेष रूप से प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है और उन्हें आरक्षित बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 12425 नई दिल्ली-जम्मू तवी राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से 19, 20, 25, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच के साथ रवाना होगी।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 12426 जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जम्मू तवी से 20, 21, 26 सितंबर तथा 1 और 2 अक्टूबर 2026 को अतिरिक्त थर्ड एसी कोच के साथ संचालित होगी।

उत्तर रेलवे जम्मू मंडल ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। रेलवे ने यात्रियों से अतिरिक्त कोच की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।