त्योहारों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे अलर्ट, जोधपुर मंडल में वॉर रूम से होगी निगरानी

त्योहारों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे अलर्ट, जोधपुर मंडल में वॉर रूम से होगी निगरानी

जोधपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, बेहतर सुविधाओं और स्टेशनों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। इसके तहत वॉर रूम से भीड़ की स्थिति पर नजर रखने के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और टिकट जांच व्यवस्था को सख्त किया जाएगा।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार मंडल के प्रमुख और संवेदनशील रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्टेशनों पर प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने के साथ आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। फुट ओवरब्रिज पर भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी। वहीं, टिकट जांच अभियान तेज किया जाएगा और अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। टिकट बुकिंग काउंटरों पर भी पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

यात्रियों की सुविधाओं पर भी रहेगा विशेष ध्यान

रेलवे प्रशासन की ओर से प्रतीक्षालयों में पेयजल, स्वच्छ शौचालय और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खानपान की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की निर्धारित दरों की भी जांच की जाएगी, ताकि यात्रियों को उचित मूल्य पर सुविधाएं मिल सकें।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

रेलवे ने यात्रियों से की सहयोग की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अग्रिम टिकट बुक कराने और वैध टिकट के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश करने की अपील की है। यात्रियों को निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने, फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने और धक्का-मुक्की से बचने की सलाह दी गई है।

इसके साथ ही रेलवे की उद्घोषणाओं पर ध्यान देने और कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करना है।