त्योहार पर रेलवे की सौगात, 10 अक्टूबर को चलेगी साबरमती-दिल्ली वन-वे स्पेशल ट्रेन

त्योहार पर रेलवे की सौगात, 10 अक्टूबर को चलेगी साबरमती-दिल्ली वन-वे स्पेशल ट्रेन

साबरमती से रात 10:55 बजे होगी रवाना, अगले दिन शाम 5:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी ट्रेन

रेलवे समाचार। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने साबरमती और दिल्ली जंक्शन के बीच एक फेरे वाली त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04251 साबरमती-दिल्ली जंक्शन वन-वे स्पेशल एक्सप्रेस 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को साबरमती से रात 10:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन रविवार को शाम 5:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह विशेष ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी और गुरुग्राम स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन मार्गों के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

कई श्रेणियों के कोच होंगे उपलब्ध

ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन विशेष किराये पर संचालित होगी।

आरक्षण शुरू

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04251 के लिए आरक्षण सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुका है।