डिब्रूगढ़ में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित

डिब्रूगढ़ में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित

तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू, विशेष ट्रेन से यात्रियों को भेजने की व्यवस्था, प्रभावित रेलखंड पर परिचालन बहाल

गुवाहाटी। असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। रेलवे की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के चलते दुर्घटना प्रभावित ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी यात्री की मृत्यु नहीं हुई है और किसी बड़ी चोट की सूचना भी नहीं है।

रेलवे की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए डिगारू रेलवे स्टेशन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान गति नियंत्रित नहीं हो पाने के कारण इंजन सहित 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह स्टेशन गुवाहाटी से करीब 44 किलोमीटर दूर स्थित है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई। यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन घटनास्थल पर पहुंची। इसके साथ ही यात्रियों को पेयजल और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थिति की निगरानी और बहाली कार्य को गति देने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं परिचालन बहाली का कार्य किया।

रेलवे की तत्परता का परिणाम रहा कि अप लाइन पर रेल परिचालन बहाल कर दिया गया। अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया है। पहले विभिन्न स्टेशनों पर रोकी गई ट्रेनों को भी धीरे-धीरे उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है।

हालांकि घटना के चलते कुछ स्थानीय ट्रेनों को रद्द और कुछ को आंशिक रूप से संचालित किया गया है। ट्रेन संख्या 15769 अलीपुरद्वार जंक्शन-मरियानी जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस को कामाख्या तक ही चलाया गया, जबकि ट्रेन संख्या 75727/75728 गुवाहाटी-हैबरगांव-गुवाहाटी डेमू रद्द रही।

यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। रेलवे प्रशासन ने राहत, यात्रियों की सुरक्षित आगे की यात्रा और रेल परिचालन बहाली के लिए लगातार प्रयास किए।

रेलवे की त्वरित कार्रवाई से टली यात्रियों की परेशानी

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा, भोजन-पानी की उपलब्धता और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना रही। वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी और तत्काल वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था से रेलवे की आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था और यात्री सेवा के प्रति तत्परता सामने आई।