ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे ने लिया सुरक्षा के मद्देनजर फैसला

ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे ने लिया सुरक्षा के मद्देनजर फैसला

यात्रियों को रात में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज नहीं करने की अपील

बिलासपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेनों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की है। इसके तहत ट्रेनों के सभी कोचों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करना है। इसके लिए यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान अपने मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर न लगाएं।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की जागरूकता और सहयोग से सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।