टिकट चेकिंग में सख्ती: अगस्त में 24,434 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े गए, 2.17 करोड़ रुपये से अधिक वसूले

टिकट चेकिंग में सख्ती: अगस्त में 24,434 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े गए, 2.17 करोड़ रुपये से अधिक वसूले

फिरोजपुर मंडल में लगातार जारी है टिकट जांच अभियान, स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अगस्त 2026 में मंडल के टिकट चेकिंग दल ने ट्रेनों में जांच के दौरान 24,434 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2.17 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया।

रेल प्रशासन के अनुसार, टिकट जांच अभियान का उद्देश्य बिना टिकट या अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने के साथ-साथ वैध टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। रेलवे का कहना है कि अनधिकृत यात्रियों की वजह से वैध यात्रियों को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई

फिरोजपुर मंडल में रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ रखने और यात्रियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए भी नियमित जांच की जा रही है। अगस्त माह में स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के मामले में 166 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे 69 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ अनधिकृत यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सहयोग दें।