जम्मूतवी-अजमेर और आगराफोर्ट-अजमेर रेलसेवाएं रहेंगी आंशिक रद्द जयपुर मंडल में आरसीसी बॉक्स लोचिंग कार्य के चलते खातीपुरा तक ही संचालित होंगी दो ट्रेनें

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में मंडावरिया-किशनगढ़ स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 292 पर आरसीसी बॉक्स लोचिंग कार्य के चलते चार रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 12414 जम्मूतवी-अजमेर रेलसेवा 24 अक्टूबर 2026 को जम्मूतवी से रवाना होकर खातीपुरा तक संचालित होगी। यह ट्रेन खातीपुरा स्टेशन पर सुबह 8:48 बजे पहुंचेगी। इसके बाद खातीपुरा से अजमेर के बीच सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12413 अजमेर-जम्मूतवी रेलसेवा 25 अक्टूबर 2026 को अजमेर के बजाय खातीपुरा से दोपहर 4:43 बजे रवाना होगी। इस कारण अजमेर से खातीपुरा के बीच इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।

वहीं, गाड़ी संख्या 12195 आगराफोर्ट-अजमेर रेलसेवा 25 अक्टूबर 2026 को आगराफोर्ट से चलकर खातीपुरा तक संचालित होगी और सुबह 9:35 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। खातीपुरा से अजमेर के बीच इस ट्रेन की सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

गाड़ी संख्या 12196 अजमेर-आगराफोर्ट रेलसेवा भी 25 अक्टूबर 2026 को अजमेर के बजाय खातीपुरा से शाम 5:29 बजे रवाना होगी। ऐसे में अजमेर से खातीपुरा के बीच इस रेलसेवा का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।