जम्मू मंडल में हिंदी को मिला नया प्रोत्साहन, कार्यशालाओं में अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साह से लिया भाग

जम्मू। राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विशेष हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर को मंडलीय कार्यालय जम्मू और 18 सितंबर को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशालाओं में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी के प्रयोग को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

कार्यशालाओं में कार्मिक, वाणिज्य, परिचालन, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, संरक्षा और स्टेशन प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में सरल एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। दैनिक पत्राचार, टिप्पणी-प्रारूप लेखन, ई-कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयीन गतिविधियों में हिंदी के सहज प्रयोग के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिंदी के प्रयोग से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा की तथा उनके समाधान भी साझा किए। कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि हिंदी को केवल राजभाषा के रूप में ही नहीं, बल्कि दैनिक कार्यालयीन कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने के माध्यम के रूप में अपनाया जाए।

मंडलीय कार्यालय जम्मू में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता सुनील बडोनी, राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी, जम्मू मंडल ने की। वहीं श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यशाला स्टेशन प्रबंधक के सहयोग से संपन्न हुई।

कार्यशाला के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने और सहकर्मियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया। जम्मू मंडल की यह पहल रेलवे के सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को और व्यापक बनाने तथा कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता एवं आत्मीयता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।