जम्मू मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर 17 से 28 प्रतिशत यात्रियों ने अपनाया डिजिटल माध्यम, आर-वॉलेट रिचार्ज पर मिल रहा 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस

रेल यात्रियों की पहली पसंद बन रहा ?रेल वन? ऐप, अनारक्षित टिकट बुकिंग में डिजिटल रुझान बढ़ा

जम्मू मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर 17 से 28 प्रतिशत यात्रियों ने अपनाया डिजिटल माध्यम, आर-वॉलेट रिचार्ज पर मिल रहा 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस

जम्मू। रेलवे यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की जानकारी और शिकायत निवारण तक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने वाला भारतीय रेलवे का ?रेल वन? ऐप जम्मू मंडल में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। अब बड़ी संख्या में यात्री टिकट काउंटर की कतार में लगने के बजाय मोबाइल फोन से ही अनारक्षित टिकट बुक करना पसंद कर रहे हैं। इससे यात्रियों का समय बचने के साथ स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ भी कम हो रही है।

28 प्रतिशत तक यात्रियों ने अपनाया डिजिटल टिकट

जम्मू मंडल में 14 सितंबर 2026 को प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण में डिजिटल टिकटिंग के प्रति यात्रियों का बढ़ता रुझान सामने आया है। एनएसजी-1 से 3 श्रेणी के प्रमुख स्टेशनों पर करीब 17 प्रतिशत यात्रियों ने टिकट काउंटर के बजाय रेल वन ऐप से अनारक्षित टिकट बुक किए।

वहीं, एनएसजी-4 से 6 श्रेणी के स्टेशनों पर डिजिटल टिकटिंग का आंकड़ा और भी बेहतर रहा। यहां करीब 28 प्रतिशत यात्रियों ने रेल वन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक किए। लगातार बढ़ता यह आंकड़ा बताता है कि यात्री मोबाइल आधारित टिकटिंग को सुविधाजनक और समय बचाने वाला विकल्प मान रहे हैं।

टिकट बुकिंग के साथ आर्थिक लाभ भी

रेलवे ने रेल वन ऐप को यात्रियों के लिए और आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना भी शुरू की है। इसके तहत आर-वॉलेट में राशि रिचार्ज कर टिकट बुक करने पर रिचार्ज राशि का 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को डिजिटल सुविधा के साथ आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

एक ऐप में यात्रा से जुड़ी कई सुविधाएं

रेल वन को भारतीय रेलवे का ?सुपर ऐप? इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि इसमें यात्रियों की यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। यात्री घर बैठे अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के साथ आरक्षित टिकट की बुकिंग, पीएनआर की स्थिति, ट्रेन की लाइव स्थिति, कोच की जानकारी और ट्रेन के आगमन-प्रस्थान का समय देख सकते हैं।

इसके अलावा रेल मदद के माध्यम से शिकायत और सुझाव दर्ज कराने तथा ई-कैटरिंग के जरिए ट्रेन में मनपसंद भोजन मंगाने की सुविधा भी उपलब्ध है। इस तरह रेल वन ऐप यात्रियों की यात्रा को अधिक डिजिटल, सुगम और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कतार से राहत, यात्रा में आसानी

रेल वन ऐप के बढ़ते इस्तेमाल से यात्रियों को टिकट काउंटर की लंबी कतारों से राहत मिल रही है। मोबाइल से टिकट बुक होने के कारण समय की बचत हो रही है और स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ कम करने में भी मदद मिल रही है। डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने से रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक और कागजरहित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ रहा है।

जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने यात्रियों से रेल वन ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने और अपने परिवार, मित्रों तथा सहयात्रियों को भी इसकी सुविधाओं के बारे में जागरूक करने की अपील की है। जम्मू मंडल का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक यात्री डिजिटल माध्यम अपनाकर सुगम, तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ उठाएं।