जम्मू मंडल की टिकट जांच मुहिम रंग लाई, 141 मामलों में कार्रवाई कर वसूला 1.06 लाख रुपये

यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व सुरक्षा के लिए जम्मू मंडल का प्रभावी अभियान

जम्मू। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और नियमों के अनुरूप रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने टिकट जांच अभियान को और प्रभावी बनाया है। इसी क्रम में 26 अगस्त को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से पठानकोट कैंट रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में वाणिज्य विभाग के 15 टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में व्यापक जांच की। अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट अथवा उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले 141 यात्रियों को पकड़ा गया।

रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए इन यात्रियों से लगभग 1 लाख 6 हजार 345 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई से जहां रेलवे के राजस्व की सुरक्षा हुई, वहीं नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के अधिकारों और सुविधाओं को भी मजबूती मिली।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि टिकट जांच अभियान का उद्देश्य यात्रियों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमित और सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

उन्होंने बताया कि यात्री स्टेशन की कतार से बचने के लिए यूटीएस मोबाइल ऐप और रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। इससे यात्रियों को घर बैठे टिकट प्राप्त करने की सुविधा मिलती है और उनकी यात्रा अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनती है।

जम्मू मंडल द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऐसे अभियान से रेल यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। मंडल का प्रयास है कि हर यात्री सम्मान के साथ, वैध टिकट लेकर और सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा पूरी करे। रेलवे की यह पहल यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ बेहतर यात्री व्यवस्था और राजस्व सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

जम्मू मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर रेल सेवाओं के लिए टिकट जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।