जम्मू तवी स्टेशन पर 12 ट्रेनों की पेंट्री कारों की सघन जांच, खान-पान की गुणवत्ता परखी

जम्मू। यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर पेंट्री कारों का विशेष सघन जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग की टीम ने 12 महत्वपूर्ण ट्रेनों की पेंट्री कारों का गहन निरीक्षण किया।

जांच के दौरान 18309 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस, 18310 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस, 12920 और 12919 मालवा एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस, 12474 श्री शक्ति एक्सप्रेस, 12470 जम्मू तवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस, 12414 जम्मू तवी-अजमेर पूजा एक्सप्रेस, 13041 हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस, 18102 मूरी एक्सप्रेस, 12477 जामनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस और 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस शामिल रहीं।

टीम ने पेंट्री कारों में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रसोई और भंडारण क्षेत्र की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, मैन्यू कार्ड और निर्धारित दरों की सूची, बिल बुक तथा भुगतान मशीनों की कार्यशीलता की जांच की। इसके अलावा पैक्ड खाद्य सामग्री और पानी की बोतलों की वैधता अवधि भी जांची गई। यात्रियों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों और खान-पान व्यवस्था में कीट नियंत्रण के इंतजामों को भी परखा गया।

निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र, फॉगिंग रिकॉर्ड और कीट-निरोधक उपायों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने पेंट्री संचालकों और कर्मचारियों को स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने, निर्धारित वर्दी, सिर ढकने के लिए टोपी और दस्ताने पहनने तथा नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को निर्धारित दरों पर ही भोजन और अन्य खान-पान सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा प्रत्येक लेन-देन पर अनिवार्य रूप से कंप्यूटरीकृत बिल दिया जाए।

जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि खान-पान सामग्री खरीदते समय बिल अवश्य लें और निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान न करें। किसी भी शिकायत की स्थिति में यात्री रेल मदद 139 या संबंधित आईआरसीटीसी हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

मंडल अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।