जन्माष्टमी पर मंदिरों में तैनात अग्निशमन टीमों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था परखी

मुरादाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले के विभिन्न मंदिरों में लगाई गई सुरक्षा एवं अग्निशमन ड्यूटी का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने विभिन्न मंदिरों में तैनात अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी चेक की। इस दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों को परखा गया।

अग्निशमन अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसरों में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

जन्माष्टमी के मद्देनजर अग्निशमन विभाग की सक्रियता से मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।