छठ और पूजा पर्व पर रेलवे की बड़ी सौगात, 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन, प्रयागराज-कानपुर समेत कई स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

छठ और पूजा पर्व पर रेलवे की बड़ी सौगात, 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन, प्रयागराज-कानपुर समेत कई स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

कोहरे के चलते फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस की फरवरी 2027 तक घटाई गई आवृत्ति, रेलवे ने जारी की संशोधित निरस्तीकरण तिथियां

रेलवे प्रशासन ने छठ और पूजा पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत मुंबई, पुणे, नई दिल्ली, गया और आसनसोल सहित विभिन्न शहरों से दानापुर, गोरखपुर, उधना, चेन्नई, पटना और दरभंगा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का ठहराव प्रयागराज छिवकी, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, गोविंदपुरी और गाजियाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है। वहीं आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस की आवृत्ति में भी कमी की गई है।

इन विशेष ट्रेनों का होगा संचालन

गाड़ी संख्या 01029 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर वन-वे स्पेशल 12 नवंबर को एक फेरे के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन 14 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। रास्ते में प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, सतना, कटनी, मानिकपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में ठहराव होगा।

गाड़ी संख्या 01041 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल 11 नवंबर को रवाना हुई। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए 13 नवंबर को सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 03517 आसनसोल-उधना वन-वे अनारक्षित स्पेशल का संचालन 11 और 12 नवंबर को किया जा रहा है। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, बक्सर, सतना और जबलपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।

गाड़ी संख्या 03689 गया-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल वन-वे सुपरफास्ट पूजा स्पेशल 17 नवंबर को गया से सुबह 5:30 बजे रवाना होगी। प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी और जबलपुर होते हुए यह ट्रेन 18 नवंबर को शाम 4:20 बजे चेन्नई पहुंचेगी।

नई दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए भी विशेष ट्रेनें

गाड़ी संख्या 04068/04067 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल 12 और 13 नवंबर को एक-एक फेरे के लिए चलेगी। नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन गाजियाबाद, टूंडला, गोविंदपुरी और प्रयागराज जंक्शन होते हुए 13 नवंबर को दोपहर 3 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में पटना से 13 नवंबर को शाम 6 बजे रवाना होकर 14 नवंबर को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 04080/04079 नई दिल्ली-दरभंगा-नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल का संचालन भी किया जाएगा। नई दिल्ली से 12 नवंबर को रात 10:30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, वाराणसी, बलिया, छपरा, हाजीपुर और समस्तीपुर होते हुए 14 नवंबर को रात 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 14 नवंबर को सुबह 4 बजे दरभंगा से रवाना होकर 15 नवंबर को सुबह 7:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 01473 पुणे-दानापुर वन-वे पूजा स्पेशल का संचालन 12 नवंबर को एक फेरे के लिए किया जाएगा।

कोहरे के कारण फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस की आवृत्ति में कमी

आगामी सर्दियों में कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 15084 फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस की आवृत्ति में कमी करने की संशोधित तिथियां जारी की हैं। इसके तहत दिसंबर 2026 में 18, 19, 20, 22, 25, 26, 27 और 29 तारीख को ट्रेन निरस्त रहेगी।

जनवरी 2027 में 1, 2, 3, 5, 8, 9, 10, 12, 15, 16, 17, 19, 22, 23, 24, 26, 29, 30 और 31 जनवरी को ट्रेन का संचालन नहीं होगा। वहीं फरवरी 2027 में 2, 5, 6, 7, 9, 12, 13 और 14 तारीख को ट्रेन निरस्त रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के समय, ठहराव और कोच की स्थिति की जानकारी आधिकारिक एनटीईएस ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचने में मदद मिलेगी।