चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर साबरमती-कटोसन रोड मेमू ट्रेन का ठहराव शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी सुविधा

चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर साबरमती-कटोसन रोड मेमू ट्रेन का ठहराव शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी सुविधा

दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, औद्योगिक कर्मचारियों और बेचराजी माता के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। साबरमती-कटोसन रोड मेमू ट्रेन का चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव बुधवार से शुरू हो गया। इस सुविधा से चांदखेड़ा रोड और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, उप महापौर अंजूबेन शाह और अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर ठहराव का शुभारंभ किया।

इस ठहराव से यात्रियों को साबरमती, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड और बेचराजी की ओर आने-जाने में बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों और बेचराजी माता मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका विशेष लाभ होगा। मारुति सहित बेचराजी के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।

चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर मेमू ट्रेन का समय

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 69250 कटोसन रोड-साबरमती मेमू 28 अक्टूबर 2026 से चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर सुबह 9:40 बजे पहुंचेगी और 9:41 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 69249 साबरमती-कटोसन रोड मेमू शाम 5:27 बजे स्टेशन पर पहुंचेगी और 5:28 बजे प्रस्थान करेगी।

वृहद अहमदाबाद की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर मेमू ट्रेन का ठहराव वृहद अहमदाबाद के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य अहमदाबाद, साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड और बेचराजी सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि चांदखेड़ा रोड स्टेशन के विकास और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। गुजरात सरकार के शहरी विकास विभाग, गुजरात मेट्रो और भारतीय रेलवे के संयुक्त सर्वेक्षण के माध्यम से जनसंख्या तथा भविष्य में होने वाले शहरी विस्तार का आकलन किया गया है। इसके आधार पर परिवहन नेटवर्क के विकास की योजनाएं बनाई जा रही हैं। इससे सड़क यातायात पर दबाव कम करने और दैनिक आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

वटवा में बनेगा प्रस्तावित मेगा कोचिंग डिपो

मंडल रेल प्रबंधक ने वटवा में प्रस्तावित लगभग 100 लाइनों वाले मेगा कोचिंग डिपो का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह डिपो भविष्य में अहमदाबाद रेल परिसर से संचालित होने वाली ट्रेनों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां ट्रेनों के रखरखाव और परिचालन संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

गुजरात में रेलवे विकास के लिए बजट में बढ़ोतरी

रेलवे आधारभूत ढांचे में निवेश की जानकारी देते हुए वेद प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले गुजरात में रेलवे विकास के लिए वार्षिक बजट आवंटन 589 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 17,366 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत गुजरात के 88 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि रेलवे की विकास योजनाएं भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। नई रेल लाइनों, स्टेशनों के पुनर्विकास, सर्कुलर रेलवे नेटवर्क और आधुनिक कोचिंग सुविधाओं के विकास से क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा। चांदखेड़ा रोड स्टेशन पर मेमू ट्रेन का ठहराव भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे और क्षेत्र की औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।