कोयना और होसपेटे एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच से चलेंगी, स्थायी रूप से बदलेगी कोच संरचना

कोयना और होसपेटे एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच से चलेंगी, स्थायी रूप से बदलेगी कोच संरचना

मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर को ध्यान में रखते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-कोल्हापुर कोयना एक्सप्रेस और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-होसपेटे एक्सप्रेस को एलएचबी कोच से चलाने का निर्णय लिया है। इन दोनों ट्रेनों की कोच संरचना में भी स्थायी रूप से बदलाव किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 11029 कोयना एक्सप्रेस छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 12 जनवरी 2027 और ट्रेन संख्या 11030 कोल्हापुर से 10 जनवरी 2027 से एलएचबी रैक के साथ संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 11139 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-होसपेटे एक्सप्रेस 10 जनवरी 2027 और ट्रेन संख्या 11140 होसपेटे-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस 11 जनवरी 2027 से एलएचबी कोच के साथ चलेगी।

18 कोच की होगी नई संरचना

दोनों ट्रेनों में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 6 शयनयान श्रेणी, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 जनरेटर कार और 1 द्वितीय बैठक एवं सामान सह गार्ड ब्रेकयान कोच शामिल होगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों की नई कोच संरचना और संचालन से जुड़ी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। ट्रेनों के समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी भारतीय रेलवे की वेबसाइट या एनटीईएस ऐप पर उपलब्ध है।