किसान मोर्चा कार्यकर्ता चुनाव से पहले 100 घरों तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां

कासगंज। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता जिले में घर-घर जाकर किसानों से संपर्क करेंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनाव से पहले 100 घरों तक पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही किसानों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को जुटाकर उनके समाधान के लिए सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित किसान मोर्चा की परिचय बैठक में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं से सुव्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर जिम्मेदारियों का बंटवारा करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 100 घरों तक पहुंचे और किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पिछले दस वर्षों में किसान हित में किए गए कार्यों और संचालित योजनाओं की जानकारी दे। जनसंपर्क के दौरान किसानों की वर्तमान समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना जाए, ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा सकें।

किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती में किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यकर्ता स्वयं को छोटा न समझें, बल्कि संगठन की मजबूती का आधार बनकर काम करें। सभी कार्यकर्ता प्रभावी कार्ययोजना के साथ जिले के प्रत्येक क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह बैस ने किया। भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा भी मौजूद रहे।

बैठक में विनीत चौहान, यशवीर सिंह राजपूत, अनिल लोधी, दुर्गेश, राजा वशिष्ठ, आर्येंद्र सिंह, सुमित ठाकुर, देवकांत दीक्षित और शिवम राघव सहित किसान मोर्चा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।