काशी की बेटी प्रज्ञा का हुआ एलटी ग्रेड में चयन, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर

वाराणसी। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर बनौली, महराजगंज, वाराणसी की रहने वाली कु. प्रज्ञा मिश्रा ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया के तहत उनका चयन राजकीय इंटर कॉलेज में एलटी ग्रेड (गणित) के पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार में हर्ष का माहौल है, वहीं क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों में भी खुशी की लहर है।

प्रज्ञा मिश्रा की यह उपलब्धि इसलिए खास है, क्योंकि करीब दो वर्ष पूर्व उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर भी हुआ था। दो अलग-अलग सरकारी सेवाओं में चयन हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत, मेधा और लगन का परिचय दिया है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

बीएचयू से की उच्च शिक्षा प्राप्त

प्रज्ञा मिश्रा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों रामराज मिश्र एवं केशवनाथ मिश्र ने बताया कि स्कूली शिक्षा के दौरान उनका प्रदर्शन हमेशा उत्कृष्ट रहा। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से गणित ऑनर्स में बीएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद गणित विषय में एमएससी की उपाधि प्राप्त की। शिक्षा के प्रति उनकी रुचि, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

माता-पिता और परिवार को दिया सफलता का श्रेय

अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कु. प्रज्ञा मिश्रा ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, अभिभावकों के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत को दिया। उन्होंने ईश्वर की कृपा को भी अपनी सफलता का प्रमुख आधार बताया। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों में खासा उत्साह है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

शुभचिंतकों ने दी बधाई

प्रज्ञा मिश्रा की सफलता पर सुधाकर महिला शिक्षण संस्थान समूह के चेयरमैन डॉ. पी.एन. दूबे, प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय, डॉ. मंजू तिवारी, डॉ. शशिभूषण पाण्डेय एवं डॉ. राजकुमार श्रीवास्तव ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके अतिरिक्त भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रत्याशी शैलेन्द्र कुमार दुबे, डॉ. अजय शुक्ल, समाजसेवी सुरेश मिश्र (इटवां, भीटी), भाजपा नेता चन्द्रमा मिश्र तथा ग्राम प्रधान सूर्यमणि दूबे सहित अन्य लोगों ने भी शुभकामनाएं दीं।