कसारा में रेलवे का विशेष ब्लॉक, 12 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी प्रभावित

कसारा में रेलवे का विशेष ब्लॉक, 12 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी प्रभावित

ओएचई कार्य के चलते लोकल ट्रेनें भी बदले मार्ग से चलेंगी

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में आसनगांव-कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना के तहत कसारा यार्ड में ओवरहेड उपकरण (ओएचई) के कनेक्शन का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि तथा 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि को विशेष यातायात एवं विद्युत ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ उपनगरीय लोकल सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

रेलवे के अनुसार, दोनों ब्लॉक रात 03:00 बजे से सुबह 05:30 बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक ब्लॉक की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। यह कार्य उंबरमाली और कसारा के बीच अप एवं डाउन मुख्य लाइनों से संबंधित है। इसके चलते खर्डी और कसारा के बीच ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।

15 से 20 मिनट तक विलंब की संभावना

ब्लॉक के कारण 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को चलने वाली 10 अप दिशा की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को कसारा और खर्डी के बीच तीसरी लाइन से संचालित किया जाएगा। इसके चलते इन ट्रेनों के 15 से 20 मिनट तक विलंब से चलने की संभावना है।

प्रभावित ट्रेनों में दानापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई स्पेशल, बल्लारशाह-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस, रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस कर्मभूमि एक्सप्रेस, अमरावती-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस, गोंदिया-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विदर्भ एक्सप्रेस, लिंगमपल्ली-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस देवगिरी एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस, फिरोजपुर कैंट-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पंजाब मेल, नागपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस दुरंतो एक्सप्रेस और रानी कमलापति-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा 1 नवंबर 2026 को सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस और शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेंगी।

लोकल ट्रेनें उंबरमाली और खर्डी पर नहीं रुकेंगी

ब्लॉक का असर उपनगरीय रेल सेवाओं पर भी पड़ेगा। कसारा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए सुबह 03:51 बजे और 04:59 बजे रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें कसारा और कल्याण के बीच तीसरी लाइन से चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें उंबरमाली और खर्डी स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। निर्धारित समय के अनुसार, ये लोकल ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर क्रमशः सुबह 06:30 बजे और 07:38 बजे पहुंचती हैं।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे ब्लॉक और ट्रेनों के संचालन में होने वाले बदलावों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।