कटरा में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कराई 10 किलोमीटर की ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़

कटड़ा में रन फॉर यूनिटी मैराथन में 1000 से अधिक धावकों ने लगाई दौड़

राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश, विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित

कटड़ा। जिला पुलिस रियासी की ओर से रविवार को कटड़ा में रन फॉर यूनिटी 10 किलोमीटर मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 1000 से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं, पुरुषों और 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

मैराथन का शुभारंभ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स स्टेडियम कटड़ा से हुआ। यहां से धावक निर्धारित मार्ग पर दौड़ते हुए अघार जित्तो मंदिर की ओर रवाना हुए। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। जम्मू-कश्मीर के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से पहुंचे धावकों ने अपनी भागीदारी से विविधता में एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आईजी जम्मू जोन तेजिंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार, डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज स्वर्ण सिंह कोतवाल, एसएसपी रियासी मुकुंद तिबरेवाल, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक मौर्य, एसएसपी रेलवे कटड़ा रमेश चंद्र कोतवाल और एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 12,000 रुपये, द्वितीय स्थान हासिल करने वालों को 10,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 8,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

पुरुष वर्ग में हरियाणा के संदीप ने प्रथम, पंजाब के गगनदीप ने द्वितीय और जम्मू-कश्मीर के इमरान कसाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में रोबिन वर्मा ने प्रथम, वंदना देवी ने द्वितीय और प्रियंका शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को मंच पर पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मैराथन पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

जिला पुलिस रियासी की इस पहल ने खेलों के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ाने के साथ ही युवाओं और आम नागरिकों को नियमित व्यायाम अपनाने, स्वस्थ रहने और समाज में एकता व भाईचारे की भावना मजबूत करने का सकारात्मक संदेश दिया।