कटड़ा में मौसम साफ, त्रिकुटा पर्वत पर धुंध से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित, 14 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में वीरवार को मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी के कारण श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित हुई। इसके चलते हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मौसम सामान्य होने का इंतजार करना पड़ा।

वहीं, पारंपरिक मार्ग से मां वैष्णो देवी भवन की यात्रा लगातार जारी रही। श्रद्धालु जय माता दी के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ भवन की ओर बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और रास्ते में उपलब्ध सुविधाओं का भी लाभ लेते नजर आए।

शाम छह बजे तक 14 हजार श्रद्धालुओं ने शुरू की यात्रा

जानकारी के अनुसार, वीरवार शाम छह बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के बाद मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी रहा। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं में माता के दर्शनों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मौसम बदलाव को देखते हुए सावधानी की सलाह

त्रिकुटा पर्वत पर दोपहर बाद धुंध छाने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित होने के बाद श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए श्राइन बोर्ड एवं संबंधित विभागों की व्यवस्थाएं लगातार जारी रहीं। धर्मनगरी कटड़ा में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही से चहल-पहल का माहौल बना रहा।