एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, मांगे पूरी न होने पर 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार, 12 को प्रदेश मुख्यालय पर आंदोलन की चेतावनी

हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. जावेद खान के नेतृत्व में एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला अधिकारी हरदोई को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में 24 वर्षों से अधिक समय से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, नियमितीकरण होने तक वेतन वृद्धि, कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, EPF, HRA और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की गई। इसके अलावा रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन तथा नियमित भर्तियों में 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग रखी गई।
संगठन ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मांगों पर कार्रवाई न होने पर 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर कार्य बहिष्कार तथा 12 अक्टूबर को प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
ज्ञापन देने वालों में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, भारतीय मजदूर संघ जिलाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी, सौरभ तिवारी, मिलेन्द्र, दीप्ति, अंशिका, रूबी, सुमित, अनूप, आशीष, गौरव, अमरीश, अनुग्रह, नीरज, रफी, अवधेश, अमृता, सपना, आनंद, शिखा, सौरव, अंकित और ऋषि सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।