उत्तर मध्य रेलवे रामलीला में मेघनाद और रावण वध का हुआ भव्य मंचन, धर्म की हुई अधर्म पर विजय

उत्तर मध्य रेलवे रामलीला में मेघनाद और रावण वध का हुआ भव्य मंचन, धर्म की हुई अधर्म पर विजय

श्रीराम और रावण के युद्ध का मंचन देख दर्शक हुए भावविभोर, मंगलवार को होगा श्रीराम राज्याभिषेक

श्रीश्री उत्तर मध्य रेलवे रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में सोमवार को मेघनाद वध, रावण वध एवं लंका विजय की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत कर दिया। प्रभु श्रीराम और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध तथा रावण वध के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

लीला का शुभारंभ कुंभकर्ण वध के प्रसंग से हुआ। लक्ष्मण के संजीवनी बूटी से स्वस्थ होने की सूचना मिलने पर रावण अपने भाई कुंभकर्ण को निद्रा से जगाकर युद्धभूमि में भेजता है। कुंभकर्ण और प्रभु श्रीराम के बीच भीषण युद्ध होता है, जिसमें कुंभकर्ण मारा जाता है। इसके बाद मेघनाद राम और लक्ष्मण को नागपाश में बांध देता है। हनुमान जी गरुड़ को लेकर आते हैं और राम-लक्ष्मण को नागपाश से मुक्त कराते हैं।

इसके बाद मेघनाद निकुंभिला में यज्ञ करने पहुंचता है, जहां वानर सेना यज्ञ को विफल कर देती है। क्रोधित मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भयंकर युद्ध होता है, जिसमें लक्ष्मण मेघनाद का वध कर देते हैं। पुत्र की मृत्यु की सूचना मिलने पर रावण शोक और क्रोध से व्याकुल हो उठता है। मंदोदरी उसे माता सीता को प्रभु श्रीराम को लौटाकर युद्ध समाप्त करने की सलाह देती हैं, लेकिन रावण अपने हठ पर अडिग रहता है।

अंतिम युद्ध में प्रभु श्रीराम और रावण के बीच भयंकर संग्राम होता है। आखिरकार प्रभु श्रीराम रावण का वध कर लंका पर विजय प्राप्त करते हैं। इस प्रसंग के माध्यम से धर्म की अधर्म पर और सत्य की असत्य पर विजय का संदेश दिया गया। लीला के समापन पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

रामलीला में श्रीराम की भूमिका में आदित्य पुरी गोस्वामी, लक्ष्मण की भूमिका में रवि यादव, सीता की भूमिका में अल्का, रावण की भूमिका में अरविंद पांडेय, सुग्रीव की भूमिका में राघवेंद्र सिंह तथा हनुमान की भूमिका में ज्ञानेश्वर श्रीवास्तव ने सराहनीय अभिनय किया।

इस अवसर पर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवनरेश यादव, महासचिव संत कुमार वर्मा, निर्देशक प्रभाकर सिंह एवं मंच व्यवस्थापक मोहम्मद इम्तियाज अंसारी सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंगलवार को रामलीला में प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया जाएगा।