इलाज के लिए निकला युवक रहस्यमय ढंग से लापता, सनराइज होमस्टे के पास मिली बाइक, मोबाइल और चप्पल 

पीलीभीत। थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम भैरव कला निवासी प्रदीप कुमार के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रदीप गंभीर बीमारी से पीड़ित था और रविवार शाम दवाई लेने के लिए घर से मोटरसाइकिल पर निकला था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के अनुसार 13 सितंबर की शाम करीब पांच बजे प्रदीप दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रातभर संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे सनराइज होमस्टे के पास नहर पुल पर प्रदीप की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और चप्पल मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। युवक के मौके पर मौजूद न मिलने से अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना माधोटांडा पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए तलाश शुरू कराई। इसके बाद SDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने नहर और आसपास के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश शुरू कर दी। रेस्क्यू टीम लगातार क्षेत्र में खोजबीन कर रही है।
तलाश अभियान में किशन कुमार, रवि कुमार, शिव कुमार, अजय प्रजापति, आकाश 1292, मोहित सिंह, अजय कुमार, गजेंद्र सिंह और गुलशन कुमार मौर्य समेत टीम के सदस्य जुटे हुए हैं।
परिजनों के मुताबिक प्रदीप लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान था और इसी सिलसिले में दवाई लेने के लिए घर से निकला था। नहर पुल के पास बाइक, मोबाइल और चप्पल मिलने के बाद मामला बेहद गंभीर हो गया है। परिवार लगातार युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहा है।
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नहर तथा आसपास के क्षेत्र में प्रदीप की तलाश में जुटी है। युवक के लापता होने की वास्तविक वजह क्या है, यह उसकी बरामदगी और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।