आरपीएम पब्लिक स्कूल में अंतर सदनीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हाथरस। आरपीएम पब्लिक स्कूल, हाथरस में आज अंतर सदनीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक क्षमा शर्मा एवं प्रधानाध्यापक विजय कुमार पचौरी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के वरिष्ठ छात्र वर्ग के एकल मुकाबले में गंगा सदन के रियांश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं युगल मुकाबले में कावेरी सदन के करन सिंह एवं अभय राज की जोड़ी विजेता रही।

कनिष्ठ छात्र वर्ग के एकल मुकाबले में गंगा सदन के शिवम गिरी ने जीत हासिल की। वहीं युगल मुकाबले में गंगा सदन के नमन शर्मा एवं विहान कौशिक की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की।

इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक क्षमा शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सामूहिक भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विजय कुमार पचौरी, उपप्रधानाचार्य (प्रशासन) गौरी शंकर शर्मा, उपप्रधानाचार्या (शैक्षणिक) चंदना बांठिया, अनुशासन विभाग प्रमुख चंद्रकांत शर्मा तथा शारीरिक शिक्षा विभाग से मनोज यादवेंदु एवं यतेंद्र शर्मा सहित विद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के संदेश के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।