अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक ड्रिल, उपकरणों की हुई जांच और सफाई

मुरादाबाद। अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बनाए रखने तथा अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों को हर समय क्रियाशील रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में माह के प्रथम मंगलवार को यह अभ्यास कराया गया।

जनपद के हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी स्थित अग्निशमन केंद्रों पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को फालिन कर साप्ताहिक ड्रिल कराई। इस दौरान निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार अग्निशमन वाहनों पर उपलब्ध विभिन्न उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता और प्रयोग करने की विधि की जानकारी दी गई।

अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान उपकरणों का इस्तेमाल करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी कर्मचारियों को विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही सभी अग्निशमन उपकरणों की साफ-सफाई और उनकी क्रियाशीलता की जांच कराई गई तथा वाहनों एवं उपकरणों को आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखा गया।

विभाग की इस नियमित कवायद का उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों को हर परिस्थिति में तत्पर रखने के साथ ही आग और आपदा की घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्य को और अधिक प्रभावी बनाना है।